मंदसौर में महिला ने पानी समझकर पिया फिनाइल:बकरियां चराकर लौटने के बाद हुई घटना, अस्पताल में भर्ती
मंदसौर के रेवास देवड़ा गांव में एक महिला द्वारा गलती से फिनाइल पी लेने का मामला सामने आया है। 35 वर्षीय रेखा पति सुरेश बावरी को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार महिला की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है। जानकारी के अनुसार रेखा मंगलवार रात बकरियां चरा कर घर लौटी थी। थकान के चलते वह घर के अंदर जाकर बैठ गई। इसी दौरान पास में रखी एक बोतल को पानी समझकर उसने फिनाइल पी लिया। दरअसल घर में फिनाइल बकरियों के आसपास छिड़काव के लिए रखा गया था, ताकि किसी प्रकार का संक्रमण न फैले और जानवर सुरक्षित रहें। उल्टियां शुरू होने पर खुला मामला रेखा के पति सुरेश बावरी ने बताया कि वे उस समय बकरी का दूध निकाल रहे थे। इसी दौरान उन्हें रेखा की तबीयत बिगड़ने और उल्टियां होने की जानकारी मिली। जब उन्होंने जांच की तो पता चला कि रेखा ने गलती से फिनाइल पी लिया है। पूछने पर रेखा ने बताया कि उसने उसे पानी समझकर पी लिया। समय पर अस्पताल पहुंचाने से बची जान घटना के बाद परिजन तत्काल रेखा को जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों द्वारा उसका उपचार किया जा रहा है। चिकित्सकों का कहना है कि समय पर अस्पताल पहुंचाने के कारण महिला की हालत अब स्थिर है और वह खतरे से बाहर है।
What's Your Reaction?