आलोट-विक्रमगढ़ आज पूर्ण बंद! रेलवे फाटक नंबर 21 पर ओवरब्रिज की मांग को लेकर शुरू होगा आंदोलन,आम जनता की सब्र की सीमा पार,
आलोट। वर्षों से मरीजों की मौत, गर्भवती महिलाओं के प्रसव फाटक पर और सैकड़ों राहगीरों की रोजमर्रा की जिंदगी को बर्बाद करने वाली रेलवे फाटक नंबर 21 अब आम जनता की सब्र की सीमा पार कर चुकी है। आज रविवार को आलोट और विक्रमगढ़ दोनों शहर पूर्ण रूप से बंद रहेंगे। ओवरब्रिज बनाओ संघर्ष समिति के आह्वान पर दोपहर 12 बजे से शुरू हो रहा यह आंदोलन तब तक नहीं थमेगा, जब तक कोई बड़ा जिम्मेदार अधिकारी, सांसद या विधायक आकर स्थायी समाधान की गारंटी नहीं दे देता। रेलवे फाटक नंबर 21 दिल्ली-मुंबई मुख्य रूट पर स्थित है। यहां ट्रेनों का लगातार आवागमन होने से फाटक अक्सर बंद रहता है। विक्रमगढ़, कराड़िया, बरखेड़ा समेत आसपास के करीब 50 गांवों के लोगों को मंदसौर-नीमच जाने के लिए इसी फाटक पर निर्भर रहना पड़ता है। घंटों इंतजार के बाद भी कई बार इमरजेंसी वाहनों को रास्ता नहीं मिल पाता। कई मरीजों की समय पर अस्पताल पहुंचने में देरी से मौत हो चुकी है। फाटक पर ही जननी एक्सप्रेस में प्रसव हो चुके हैं। रोजमर्रा के आवागमन में घंटों की बर्बादी आम बात हो गई है। इन दर्दनाक घटनाओं के बावजूद जनप्रतिनिधि और प्रशासन की नींद नहीं खुली। वर्षों से ज्ञापन, धरना-प्रदर्शन के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अब क्षेत्रवासियों का धैर्य टूट गया है। ओवरब्रिज बनाओ संघर्ष समिति के संयोजक राघवेंद्र सिंह सोलंकी ने बताया, हमने ज्ञापन दिए, धरना दिए, लेकिन कोई गंभीर नहीं हुआ। अब मजबूरन आंदोलन की राह अपनानी पड़ी है। जब तक स्थायी समाधान नहीं निकलता, आंदोलन जारी रहेगा। जरूरत पड़ी तो चक्का जाम भी किया जाएगा। समिति ने घर-घर पीले चावल बांटकर जनसमर्थन जुटाया है। आज दोपहर 12 बजे से फाटक नंबर 21 पर पूर्ण रोक लगाई जाएगी। किसी भी वाहन को पार नहीं जाने दिया जाएगा। इधर प्रशासन ने भी प्रेस नोट जारी कर कहा है कि ओवरब्रिज निर्माण की कार्यवाही शुरू होने की बात कही है। लेकिन क्षेत्रवासी अब सिर्फ वादों पर भरोसा नहीं करना चाहते – वे चाहते हैं कि कोई बड़ा अधिकारी खुद यहां आए और काम शुरू होने की तारीख घोषित करे। कांग्रेस पार्टी ने इस आंदोलन का पूर्ण समर्थन किया है। पार्टी ने नगरवासियों और व्यापारियों से अपील की है कि आज पूरे दिन व्यापार-व्यवसाय बंद रखें और आंदोलन को मजबूत बनाएं
What's Your Reaction?